यूपी: छात्रा की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम, जमकर की नारेबाजी
महाराजगंज । फरेंदा थाना क्षेत्र के जंगल हथियागढ़ में एक स्कूली बस की चपेट में आने से छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत से गुस्साए गांव के लोगों ने बालिका के शव को रखकर गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और सीओ अशोक कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को काफी मनाने का प्रयास करने लगे। करीब आधा घंटा बाद जाम को समाप्त करा पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुरंदरपुर क्षेत्र के हथियागढ़ निवासी अनिल की छह वर्षीय पुत्री नैनिका उर्फ राधा गांव के बगल में स्थित बहोरपुर के इकरा मॉडल जूनियर हाईस्कूल में एलकेजी में पढ़ने जाती थी।
जहां से बुधवार को करीब तीन बजे छात्रा स्कूल से पढ़कर घर बस से पहुंची। जहां पर बस से उतर कर घर जाने ही वाली थी कि बस की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सको ने बालिका को मृत घोषित कर दिया।
बालिका की मौत की सूचना घरवालों को मिलते ही कोहराम मच गया। घर के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। छात्रा की मौत की सूचना मिली तो परिजनो के साथ गांव के लोग भी आग बबूला हो गए। चालक की लापारवाही का आरोप लगाते हुए गांव के सामने बोकवा बाइपास के करीब राजमार्ग को जाम कर दिए।
जाम की सूचना पाकर बृजमनगंज एसओ गिरजेश उपाध्याय, एसओ शाह मुहम्मद सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। इस सबंध में एसओ शाह मुहम्मद ने बताया कि पिता के तहरीर पर कार्रवाई करते हुए चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।

Comments
Post a Comment