काशी , अयोध्या , गोरखपुर को दहलाने की साजिश - खुफिया इनपुट
स्लीपर सेल्स को एक्टिव करने में जुटा लश्कर
खुफिया इनपुट (Intelligence Input) के मुताबिक लश्कर के निशाने पर पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का संसदीय क्षेत्र वाराणसी (Varanasi), राम की नगरी अयोध्या (Ayodhya) और सीएम सिटी गोरखपुर (Gorakhpur) भी है.
बालाकोट एयरस्ट्राइक (Balakot Air Strike) और फिर कश्मीर (Jammu Kashmir) से अनुच्छेद 370 (Article 370) हटने के बाद पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) भारत को आतंकवादी हमलों (Terrorist Attacks) से दहलाने की साजिश रच रहा है. खुफिया इनपुट (Intelligence Input) के मुताबिक लश्कर के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का संसदीय क्षेत्र वाराणसी (Varanasi), भगवान राम की नगरी अयोध्या (Ayodhya) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शहर गोरखपुर (Gorakhpur) भी है. बता दें कि लश्कर ने इन जगहों पर आतंकी हमले की कमान जिसे सौंपी है उसने हाल ही में वाराणसी की रेकी की है.
मार्च, मई में काशी आया था मदनी
खुफिया सूत्रों के मुताबिक नेपाल के जनकपुर जिले के धनसरा में रह रहे बिहार के मधुबनी जिले के बलकटवा निवासी आतंकी (Terrorist) मोहम्मद उमर मदनी ने इसी साल मार्च और मई महीने में एक अन्य नेपाली युवक के साथ काशी और अन्य जगहों पर रूककर बैठक की थी. कहा जा रहा है कि मदनी उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में लश्कर के स्लीपर सेल्स (Sleeper Cells) को एक्टिव करने में जुटा है ताकि किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम दिया जा सके. खुफिया इनपुट के मुताबिक मदनी ने स्लीपर सेल्स और फरार आतंकियों को बड़े धमाके करने के निर्देश दिए हैं.
खुफिया इनपुट के बाद चौकसी बढ़ायी गई
इस इनपुट रिपोर्ट के बाद इंटेलिजेंस एजेंसी की चौकसी बढ़ा दी गई है. वाराणसी में संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है. साथ ही इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस और अभिसूचना इकाई को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की ताकीद की गई है.
स्लीपिंग मोड्यूल एक्टिव करने की तैयारी
इनपुट के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और देश की समुद्री सीमा के साथ ही नेपाल के रास्ते भी आतंकी देश में घुसपैठ कर सकते हैं. आतंकवादियों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी, गोरखपुर और अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर स्लीपिंग मॉड्यूल तैयार कर उनके सहारे आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश है.
खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के अनुसार 14 मार्च और 22 मई को उमर मदनी की काशी में मौजूदगी का इनपुट मिला था. इस संबंध में पूछे जाने पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि पुलिस हमेशा सतर्कता के साथ ड्यूटी करती है. खुफिया एजेंसियों के महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर हम अतिरिक्त सतर्कता बरतते हैं.

Comments
Post a Comment