सीएम योगी ने गोरखपुरवासियो को दी कई सौगातें
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल के लाइट एंड साउंड शो का किया लोकार्पण*
*सुरक्षा की दृष्टि से रामगढ़ताल के समीप पुलिस चौकी की होगी स्थापना*
*गोरखपुर के लोगों को जल्द मिलेगी चिड़ियाघर की सौगात*
*रामगढ़ताल का मल्टीमीडिया लाइट एंड साउंड शो कराएगा दिव्य और भव्य गोरखपुर का दर्शन*
*गोरखपुर की जनता विकास की इस यात्रा के साथ अपनी भूमिका निभा रही है।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामगढ़ताल में गंदगी न होने दें यहां की साफ-सफाई की जिम्मेदारी हम सब की है। सुरक्षा की दृष्टि से रामगढ़ताल में एक नए थाने की भी स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही गोरखपुर के लोगों को चिड़ियाघर की भी सौगात मिलने वाली है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 करोड़ 96 लाख से बने भारत सरकार के राष्ट्रीय झील संरक्षण कार्यक्रम एवं नगर विकास विभाग के रामगढ़ताल के प्रदूषण नियंत्रण एवं संरक्षण की योजना के अंतर्गत रामगढ़ताल में अधिस्थापित 25 नग फ्लोटिंग कैशकेड फाउंटेन, 1 नगर मल्टीमीडिया फ्लोटिंग फाउंटेन तथा 450 किलोवाट सोलर पावर प्लांट कार्य का लोकार्पण किया। रामगढ़ताल के मल्टीमीडिया फाउंटेन शो के लिए जनता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर की जनता विकास की इस यात्रा के साथ अपनी भूमिका निभा रही है इसलिए इस स्थान को स्वच्छ और अक्षुण्य बनाये रखने की जिम्मेदारी हम सब की है।
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर के नामकरण से लेकर आधुनिक गोरखपुर के निर्माण को हम सब अपनी आंखों से देख रहे हैं। सीएम ने कहा कि शिवअवतारी भगवान गोरखनाथ यहां आए तो लोगों द्वारा भिक्षा के रूप में खिचड़ी चढ़ाई गई उसी तरह चुनाव में हमलोगों को वोट के रूप में आपसे भिक्षा मिलती है।
सीएम योगी ने कहा कि शहीद बंधु सिंह से लेकर शहीद रामप्रसाद बिस्मिल जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वजह से मिली आजादी का आज हम सब उपभोग कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद्र और फिराक गोरखपुरी जैसे साहित्यकारों ने गोरखपुर की स्मृतियों को तरोताजा बनाये रखा है। सीएम ने कहा कि गोरखपुर स्थित गीता प्रेस ने वैश्विक पटल पर भारत की संस्कृति से लोगों को परिचित करवाया है।
कार्यक्रम में उ.प्र. सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी,सांसद रविकिशन, महापौर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक राधामोहन दास अग्रवाल, गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह सहित सभी गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
*रामगढ़ताल का लाइट एंड साउंड शो कराएगा दिव्य और भव्य गोरखपुर का दर्शन*
रामगढ़ताल में मल्टीमीडिया लाइट एंड शो के माध्यम से गोरखपुर का इतिहास, गोरखनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन का महत्व, इमामबाड़ा, कबीर भूमि मगहर, बुद्ध की निर्वाण स्थली कुशीनगर, साहित्य एवं साहित्यकारों से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियां दी जाएंगी।

Comments
Post a Comment