प्रयागराज और प्रतापगढ़ में भारी बारिश में मकान ढहे, पांच की मौत, 10 घायल
गुरुवार की रात से लगातार हो रही बारिश से अब मकान गिरने का क्रम शुरू हो गया है। प्रयागराज और प्रतापगढ़ में मकान की दीवारें कई जगह गिरने से पांच की मौत हो गई जबकि 10 जख्मी हुए।
प्रयागराज। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार से बारिश का क्रम जारी है, ऐसे में पुराने और जर्जर भवनों के साथ ही कच्चे मकानों पर शामत है।
बारिश के दौरान गुुरुवार की रात से लेकर सुबह तक प्रयागराज और प्रतापगढ़ के कई स्थानों पर मकान और दीवारों के ढहने की सूचना है। हादसों में पांच लोगों की मौत और 10 जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मऊआइमा में घर की दीवार गिरी, दो की गई जान
प्रयागराज जनपद में मऊआइमा थाना क्षेत्र के सिसवां गांव में गुरुवार की देर रात कच्चे घर की दीवार गिर गई। हादसे में एक बालक और एक युवक की मौत हो गई। हादसे के दौरान दोनों घर में सो रहे थे। देर रात अचानक भरभराकर दीवार गिर गई। मलबे की जद में राम सागर 35 और प्रियांशु 2 आ गए। तेज आवाज सुनकर परिजनों के साथ आसपास के ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर दोनों को बाहर निकाला। तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राम सागर पुत्र रमेश सोरांव थाना क्षेत्र के मोरहू गांव का रहने वाला था। वह सिसवां गांव स्थित अपनी ससुराल आया था।
दीवार ढहने से बच्ची की मौत, दो घायल
इसी प्रकार प्रतापगढ़ जनपद में मंगरौरा कंधई के सराय रजई गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण शोभनाथ का घर गुरुवार की रात में गिर गया। मलबे में दबकर आठ साल की बालिका की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। हालांकि ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू करके तीनों को बाहर निकाला लेकिन बालिका को नहीं बचाया जा सका। वहीं घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी क्रम में कुंडा विद्युत उपकेंद्र में जलभराव हो गया है। इसके कारण सभी फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई है। पानी निकलने के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकेगी। हालांकि इससे जुड़े गांवों में अंधेरा छा गया है।
घर जमींदोज, एक की मौत तीन घायल
प्रतापगढ़ के उदयपुर थाना छेत्र के पूरे निहाल सिंह चाहिन गांव के विजय बहादुर कोरी का कच्चा मकान शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे दीवार गिरने से चार लोग दबे। इसमें तीन घायल एक कि मौत हो गई। इसी क्रम में प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर सुहाग गांव में शुक्रवार की भोर में दीवार गिरने से पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो लोगों को गंभीर हाल में इलाज के लिए प्रयागराज के अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। वहीं तीन घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में हो रहा है।
बारिश से गिरा घर, अधेड़ की मौत
प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बरई दुख छोर का पुरवा गांव निवासी शिव नाथ पांडे का कच्चा मकान गुरुवार की भोर में करीब पांच बजे बारिश के बीच भरभरा कर गिर पड़ा । मलबे में शिव नाथ पांडेय 54 दब गए । शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें मिट्टी के मलबे से बाहर निकाला। परिजन ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सीएचसी कुंडा ले गए। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Comments
Post a Comment