मोहर्रम पर रामपुर में धारा 144 लागू, अखिलेश यादव का दौरा रद्द



रामपुर में मोहर्रम (Muharram) के मद्देनजर धारा 144 लागू होने की वजह से जिला प्रशासन ने सपा प्रमुख और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव को आने की अनुमति नहीं दी.

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का रामपुर (Rampur) दौरा रद्द हो गया है. वह सोमवार को 80 मुकदमों में घिरे सपा सांसद आजम खान (Azam Khan) के समर्थन में रामपुर कूच करने वाले थे, लेकिन रामपुर में मोहर्रम (Muharram) और गणेश विसर्जन के मद्देनजर धारा 144 लागू है. जिसकी वजह से अखिलेश ने अपने दौरे को रद्द करते हुए 13 और 14 सितंबर को जाने का प्लान बनाया है.

जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव की तरफ से धरने की अनुमति नहीं मांगी गई है. ज़िले में धारा 144 लागू है. काफी लोगों के धरने-प्रदर्शन की परमिशन रद्द कर दी गई है. यही नियम सभी पर लागू है. सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यही प्रोग्राम है कि वह आएंगे और कार्यकर्ताओं से मिलेंगे. इससे आगे की अनुमति नहीं दी जाएगी. डीएम ने बताया कि इसके बारे में उन्हें सूचित कर दिया गया है. डीएम ने कहा कि उनके दौरे के रद्द होने की सूचना उन्हें नहीं है. वे जब भी आना चाहते हैं वे आ सकते हैं. उनके द्वारा दिए गए कार्यक्रम के अनुसार ही व्यवस्था की जाएगी.

अब 13-14 सितंबर को जाएंगे अखिलेश

रामपुर दौरा रद्द होने के बाद सपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जिला प्रशासन को दौरे का पूरा कार्यक्रम पहले ही भेज दिया गया था. लेकिन, जिला प्रशासन ने मोहर्रम और गणेश विसर्जन को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी है. अखिलेश ने कहा कि इसी वजह से रामपुर दौरा रद्द कर दिया गया है. उन्‍होंने बताया कि अब वह 13 और 14 सितंबर को रामपुर जाएंगे. अखिलेश ने कहा कि एक बार फिर से दौरे का कार्यक्रम भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है. आजम के खिलाफ दर्ज मुकदमों पर अखिलेश ने कहा कि न जाने कौन-कौन से केस में उन्हें फंसा दिया गया है. गौरतलब है कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निर्देश पर अखिलेश यादव ने रामपुर दौरे का प्लान बनाया था. इस दौरान वे आजम खान और उनके परिवार से मिलने वाले थे. हालांकि, अखिलेश के दौरे का विरोध भी देखने को मिला. कांग्रेस ने अखिलेश के दौरे से रामपुर और सूबे में दंगे की आशंका जताते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भी लिखा था. कांग्रेस माइनॉरिटी सेल के उपाध्यक्ष फैसला खान लाला ने अखिलेश के दौरे से अशांति पैदा होने की बात कहकर उन्हें अनुमति न दिए जाने की मांग की थी.

बता दें कि आजम खान पर लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों के बावजूद समाजवादी पार्टी कोई एक्शन नहीं ले रही थी. इसके बाद आजम की पत्नी तजीन फातमा ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई थी. इसके बाद 3 सितंबर को मुलायम ने प्रेस कांफ्रेंस कर आजम खान के लिए आंदोलन का आह्वान किया था. मुलायम के इस निर्देश के बाद अखिलेश ने सोमवार को रामपुर कूच करने का फैसला लिया था. जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि अखिलेश के कार्यक्रम का रामपुर में लोग विरोध कर रहे हैं. साथ ही मुहर्रम का मौका है. लिहाजा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की संभावना है. जिसको देखते हुए रामपुर में धारा 144 लागू कर दी गई है.

Comments

Popular posts from this blog

पिपराईच - हाटा मार्ग पर बड़ा हादसा पिता - पुत्र गम्भीर रूप से घायल

ब्रेकिंग गोरखपुर - नंदानगर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात बदमाशों ने दो लड़कों को मारी गोली हालात गम्भीर

सीएम योगी ने गोरखपुरवासियो को दी कई सौगातें