नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह से 30 लाख बरामद
नालागढ़ (सोलन)। लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना सहित पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने 30 लाख की बरामद की है। मुख्य सरगना ने चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी डीलर को यह राशि यहां संपत्ति लेने के लिए दी थी। गिरोह भोले-भाले लोगों को नौकरी लगाने, उनके बच्चों को बेहतर भविष्य देने, विदेश भेजने के प्रलोभन देकर उनकी जमापूंजी पर हाथ साफ करते थे। बद्दी पुलिस के तहत नालागढ़ थाना क्षेत्र के पंजैहरा के व्यक्ति के दर्ज करवाए मामले के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां कर ली हैं।
मुख्य सरगना सुभाष कास्टा निवासी गांव नगर शिआवा डाकघर कुनिहार तहसील अर्की को पुलिस टीम ने दबोच लिया, जबकि इससे पहले पुलिस अनिल कुमार (27) निवासी गांव अहमद डाकघर भारथियां तहसील जिला हमीरपुर, पंकज कुमार (23), चंद्रशेखर निवासी गांव आदुवाल व गगन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सुरेश कुमार पुत्र बालक राम निवासी गांव व डाकघर पंजैहरा तहसील नालागढ़ ने अपने साथ हुई ठगी की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि चंद्रशेखर निवासी गांव आदुवाल नालागढ़ व रोहित उर्फ रिंकू ने मिलकर उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लाख हड़प लिए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जनवरी 2018 में चंद्रशेखर ने इसे अपने घर पर बुलाया और इसके लड़के-लड़कियों को अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। दोनों ने इससे 10 लाख रुपये लिए और न पैसे वापस दिए और न ही नौकरी दिलवाई।
अब तक पांच आरोपी किए गिरफ्तार : एसपी इसके बाद पुलिस ने मुख्य सरगना सहित पांच लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मुख्य आरोपी सरगना रोहित को बिलासपुर पुलिस वहां अपने मामले में अपने साथ कोर्ट से ले गई है।
पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि मुख्य सरगना सहित पांच लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य आरोपी सरगना रोहित के खिलाफ बिलासपुर, कांगड़ा, तलाई में मामले दर्ज हैं। उसने घुमारवीं में 40 लाख, तलाई में नकली वर्क वीजा, कांगड़ा में नकली जॉब दिलाने का कार्य किया जिस पर मामले दर्ज है।
पुलिस ने अब तक इनके हमीरपुर लुधियाना चंडीगढ़ के क्वार्टरों में दबिश देकर जाली कॉल लेटर, लैपटॉप, पेनड्राइव, चेक बुक आदि बरामद किए हैं जबकि मुख्य सरगना रोहित से 30 लाख रुपये रिकवर किए हैं। ये इसने चंडीगढ़ स्थित प्रॉपर्टी डीलर को संपत्ति खरीदने के लिए दिए थे।

Comments
Post a Comment