इन किसानों के बैंक अकाउंट में पहुंचे 4-4 हजार रुपये, अगर आपको नहीं मिले पैसे तो करें ये काम!
देश के आधे किसानों (Farmers) तक पहुंचा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (Pradhan mantri Kisan Samman Nidhi Scheme) का लाभ, यूपी को सबसे ज्यादा फायदा!
नई दिल्ली. किसानों (Farmers) की सबसे बड़ी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम (Pradhan mantri Kisan Samman Nidhi Scheme) का लाभ देश के आधे किसानों तक पहुंच गया है. अब तक इसके 7 करोड़ 5 लाख लाभार्थी हो गए हैं. अभी इतने ही किसानों को इसका इंतजार है. इसके तहत हर किसान को खेती-किसानी में मदद के लिए सालाना 6000 हजार रुपये दिए जा रहे हैं. इसका सबसे ज्यादा लाभ उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में मिला है, जहां करीब 1.7 करोड़ लोगों को पैसा मिल चुका है. अन्य लोगों को भी जल्दी इसका लाभ मिले इसके लिए मोदी सरकार (Modi Government 2.0) ने आदेश दिए हुए हैं. अगर आपको पैसे नहीं मिले तो अपने कृषि अधिकारी से संपर्क करें, वहां से मदद नहीं मिलने पर सीधे कृषि मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर ( 011-23381092 ) पर संपर्क किया जा सकता है.
कृषि मंत्रालय (Ministry of Agriculture) के अधिकारियों के मुताबिक तीसरी किस्त का पैसा भी भेजा जा रहा है. कई प्रदेशों में रजिस्ट्रेशन अब भी जारी है. यूपी में ब्लॉकों पर इस स्कीम के तहत एंट्री हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने 24 फरवरी को जब यूपी के गोरखपुर में इसकी औपचारिक शुरुआत की थी तब इसके लिए शर्त रखी गई थी कि जिन किसान परिवारों के पास दो हेक्टेयर यानी करीब 5 एकड़ तक जमीन है उन्हीं को इसका लाभ दिया जाएगा. तब इसके दायरे में 12 करोड़ ही किसान आ रहे थे. लेकिन इस योजना पर किसानों की ओर से मिले सकारात्मक रुझान को देखते हुए बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में इसका दायरा बढ़ाने का वादा किया. दूसरी बार सरकार बनते ही पीएम ने इसे पूरा कर दिया.
ऐसा नहीं है कि इस स्कीम का लाभ सिर्फ बीजेपी शासित प्रदेशों में ही अधिक मिला हो. इसका फायदा उन गैर भाजपा शासित प्रदेशों में भी मिला है जिन्होंने इसे लेकर राजनीति नहीं की. जैसे पंजाब में 14,57,325 किसान इसका फायदा ले चुके हैं. राजस्थान में राज्य सरकार ने केंद्र को किसानों की लिस्ट काफी देर से भेजी. फिर भी यहां 49,53,395 किसानों को लाभ मिल चुका है. छत्तीसगढ़ में 12,24,759 किसानों के अकाउंट में पैसे गए हैं. मध्य प्रदेश सरकार ने भी देरी से नाम भेजे. वहां 36,42,333 किसानों को पैसा मिला है.
यूपी तो इस मामले में नंबर वन है ही. हरियाणा में 13,18569, महाराष्ट्र में 66,69149, झारखंड में 12,42709, गुजरात में 44,92447 और कर्नाटक में 34,74527 किसानों के अकाउंट में पीएम-किसान सम्मान निधि का पैसा पहुंच चुका है. पैसा पाने के लिए यह काम करें
कृषि विभाग में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. प्रशासन उसका वेरीफिकेशन करेगा. रेवेन्यू रिकॉर्ड, बैंक अकाउंट नंबर, मोबाइल नंबर देना होगा. कोई कन्फ्यूजन है तो अपने लेखपाल से संपर्क करना होगा. यूपी में ब्लॉक पर भी इसकी एंट्री हो रही है.

Comments
Post a Comment