फेसबुक पर विदेशी से दोस्ती पड़ी महंगी, यूपी के इंजीनियर से हड़पे 48,500 रुपये
गोरखपुर। फेसबुक पर विदेशी महिला की अच्छी-खासी प्रोफाइल देखकर रीक्वेस्ट स्वीकार कर लेना और बिना सोचे-समझे बातचीत करना गोरखपुर के पढ़े-लिखे इंजीनियर को भारी पड़ गया। फेसबुक के जरिए दोस्ती और फिर बातचीत करके युवती के माध्यम से जालसाजों ने शहर के एक इंजीनियर को मूर्ख बनाकर 48 हजार पांच सौ रुपये हड़प लिए और वह देखता रह गया। आरोपी युवती ने खुद को एक अमेरिकी कंपनी की एचआर बताकर फेसबुक पर युवक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा था और दोस्ती हो जाने के बाद धोखे से 48500 रुपये हड़प लिए। युवक की शिकायत पर जांच करने पर पुलिस को पता चला कि यह पूरा खेल मुंबई के एक गिरोह की जालसाजी है।
एसएसपी के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के गुरुनानक नगर निवासी परमिंदर कुमारी के खिलाफ जालसाजी, रुपये हड़पने और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दर्ज केस के मुताबिक अगस्त के पहले सप्ताह में युवक के फेसबुक एकाउंट पर अमांडा क्लिफ्टन के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आया। प्रोफाइल में एरिजोना सिटी, अमेरिका का पता लिखा हुआ था, इसलिए युवक ने रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। इसके बाद फेसबुक मैसेंजर के जरिए बातचीत होने लगी और व्हाट्सएप कॉल भी आने लगे। बातचीत में युवती ने बताया कि एक सप्ताह में मीटिंग और नौकरी के लिए आवेदन किए लोगों का इंटरव्यू लेने के लिए वह मुंबई आने वाली है।
इसी दौरान उसने यह भी बताया कि मीटिंग के बाद वह लखनऊ आएगी। युवक द्वारा नौकरी की इच्छा जाहिर करने पर उसने सहायक इंजीनियर पद पर नियुक्त करने का भी भरोसा दिया था। इसके पांच दिन बाद युवती ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा हुआ बताकर खाते में युवक से 48500 रुपये मंगाए और वादा किया कि वह लखनऊ में मिलकर पैसे लौटा देगी। युवती ने इंजीनियर को बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर है और उसे इम्रीग्रेशन डिपार्टमेंट से क्लियरेंस नहीं मिल रहा है। उसके पास यूएस डॉलर हैं। क्लियरेंस के लिए भारतीय मुद्रा की जरूरत है।
झांसे में आकर इंजीनियर ने युवती के कहने पर पश्चिमी दिल्ली की रहने वाली परमिंदर कुमारी के खाते में रुपये भेज दिए। अगले दिन फोन कर युवती ने 7500 रुपये और मांगे। इसके बाद ही इंजीनियर को संदेह हो गया। वह शिकायत लेकर पुलिस कार्यालय पहुंचा और इसकी जानकारी दी। एसएसपी के आदेश पर साइबर सेल ने जांच की तो पूरा खेल सामने आ गया।

Comments
Post a Comment