आगरा में बादलों के टकराने से गूंजी इतनी तेज आवाज, शहर से देहात तक रही दहशत
आगरा में शुक्रवार दोपहर पौने दो बजे अचानक तेज आवाज पूरे शहर में गूंजी। ऐसे लगा जैसे कहीं धमाका हुआ हो। तेज ध्वनि के साथ इमारतों में कंपन भी महसूस किया गया। कलक्ट्रेट, एसएसपी दफ्तर, तहसील समेत सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी और फरियादी बाहर निकल आए। कंट्रोल रूम में फोन घनघनाने लगे। कुछ समझ नहीं आ रहा था। लोग एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेने लगे। बाद में भौतिक विज्ञान के विशेषज्ञों ने साफ किया कि यह आवेशित बादलों के टकराने से पैदा हुई आवाज है।
सिकंदरा, सदर बाजार, वजीरपुरा, ताजगंज, नाई की मंडी, आवास विकास सेक्टर तीन, शमसाबाद, डौकी से पुलिस के कंट्रोल रूम पर यह जानने के लिए फोन आए कि इतनी तेज आवाज किसकी है?
पुलिस अधिकारियों ने वायुसेना के अधिकारियों से भी इस बारे में जानकारी की। खुफिया एजेंसियां भी यह मालूम करने के पीछे लगी रहीं कि माजरा क्या है? पर काफी देर तक कुछ पता नहीं चल पाया।
आवेशित बादलों के टकराने के कारण तेज आवाज हुई। आवाज के साथ प्रकाश भी होना चाहिए था। दोपहर में घने बादल छाए थे, इसकी वजह से प्रकाश नहीं आया, बस आवाज सुनाई दी।
- डॉ. रामवीर सिंह चौहान, विभागाध्यक्ष, भौतिक विज्ञान, आरबीएस कॉलेज

Comments
Post a Comment