पटाखा फैक्टरी विस्फोट: दूर-दूर तक बिखरे पड़े थे इंसानी अंग, शवों को देख दहल गए दिल


सुबह का वक्त गलियां सुनसान थीं। हर कोई अपने-अपने कामों में व्यस्त था, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। जिससे आसमान गूंज उठा, जमीन हिल गई और लोग कांप गए। धमाकों की आवाजें सुनकर हर कोई घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। जब तक लोग पहुंचते तब तक तीन मंजिला मकान मलबे में तब्दील हो गया। शनिवार को एटा के कस्बा मिरहची के मोहल्ला गड्ढा स्थित पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के बाद ऐसा ही खौफनाक मंजर था।

थाना मिरहची क्षेत्र के मोहल्ला गड्ढा निवासी मुन्नी देवी पत्नी लालाराम के नाम से पटाखे बनाने का लाइसेंस था, जो मार्च में खत्म हो गया था।

मकान में पटाखे रखे हुए थे। शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे तेज धमाके के साथ तीन मंजिला मकान धराशायी हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि फैक्टरी आसपास के बने मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।

धमाके के साथ इंसानी अंग दूर-दूर तक जा गिरे। एक मासूम बच्ची का शव तो 200 मीटर दूर एक मकान की छत पर पड़ा मिला। धूल और धुएं के आगोश में पूरा आसमान आ गया। लोगों के चीथड़े उड़ गए। शवों को अंग-भंग और जली अवस्था में देखकर लोगों का कलेजा कांप गया। एक शव की पहचान शाम तक नहीं हो सकी।

पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने के बाद एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। छह घायलों की हालत नाजुक होने पर सैफई रेफर किया गया। पूजा, माधुरी, सोनी, रिजवान, मीरा और रजनी गंभीर रूप से जल गईं। इनमें सबसे ज्यादा खराब हालात रजनी और मीरा की है। दोनों बुरी तरह जल गईं हैं।

घायलों में कुछ बच्चे ऐसे भी हैं जो धमाके के समय घर में मौजूद थे। मृतकों में खुशी का शरीर अंग-भंग हो गया। मुन्नी देवी का एक हाथ कट गया। हादसे में ज्यादातर लोगों की मौत जलने से हुई है। बुरी तरह शरीर जलने से परिजन पहचान तक नहीं पा रहे थे। परिजनों को बुलाकर कई बार शिनाख्त कराने के प्रयास किए गए।

एक साथ छह शवों को देखकर लोगों के दिल दहल उठे। काफी प्रयासों के बाद पांच शवों की पहचान हो सकी है। इनमें मुन्नी देवी (50) पत्नी लालाराम, अंजली (11) पुत्री छोटे लाल, शीतल (18) पुत्री चंद्रपाल, खुशी (5) हनीस, रजनी (10) पुत्री अशोक उर्फ टाइगर हैं। एक मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हुई है।

Comments

Popular posts from this blog

पिपराईच - हाटा मार्ग पर बड़ा हादसा पिता - पुत्र गम्भीर रूप से घायल

ब्रेकिंग गोरखपुर - नंदानगर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात बदमाशों ने दो लड़कों को मारी गोली हालात गम्भीर

सीएम योगी ने गोरखपुरवासियो को दी कई सौगातें