यूपी : तहसील समाधान दिवस में व्यस्त थे पुलिस अधिकारी , घर में हो गई लाखों की चोरी
बांदा। बांदा जिले में एक पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) के सरकारी आवास में दिनदहाड़े लाखों रुपए नकदी और जेवरात की चोरी हो गई. अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लाल भरत कुमार पाल ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की दोपहर सीओ राजीव प्रताप सिंह तहसील समाधान दिवस में व्यस्त थे और उनकी पत्नी जिले से बाहर गयी हुई थीं. अतर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने उनके सरकारी आवास में बाहर से ताला बंद था. ऐसे में अज्ञात चोरों ने आवास से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए.
पाल ने बताया कि अभी चोरी किए गए नकदी और जेवरातों का वास्तविक आकलन नहीं हो पाया है मगर करीब 15 लाख रुपए चोरी होने का अनुमान है. वहीं उन्होंने यह भी बताया कि अभी इस मामले में कोई मुकदमा भी नहीं लिखा गया है. उनकी पत्नी के आने के बाद ही अब इस मामले की आगे की कार्रवाई होगी. चोरों की तलाश जारी है.
अतर्रा थाना पुलिस ने बताया कि सीओ के सरकारी आवास में सफाई करने वाले व्यक्ति, तैनात होमगार्ड और खाना बनाने वाली महिला से पूछताछ की गई है. लेकिन अभी तक चोरों का पता नहीं चल सका है. बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने इसी भवन में जमीनी तल पर सिविल जज और उसके ऊपर प्रथम तल में सीओ को सरकारी आवास आवंटित है. वहीं भवन के ठीक बगल में अस्पताल है, जहां दिन-रात चहल-पहल बनी रहती है.

Comments
Post a Comment