गोरखपुर कुसम्ही जंगल में फिर छात्रा से छेड़खानी


कुसम्ही जंगल में बुढ़िया माई मंदिर के इर्द-गिर्द जोड़ों की तलाश में घूम रहे गिरोह ने शनिवार को 11वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने छात्रा के साथ गलत हरकत करने के मामले में अब तक दो युवकों को उठाया है। हालांकि अभी उनके खिलाफ केस नहीं दर्ज हुआ है।
पुलिस का कहना है कि छात्रा या उसके परिवारीजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं पड़ी है। उधर, शनिवार को एक संस्था के संचालिका के साथ घर लौटी छात्रा रविवार को थाने पर नहीं आई। दरअसल शनिवार को अपने दोस्त के साथ एक छात्रा बुढ़िया माई मंदिर आई थी। वहां पहले से मौजूद मनबढ़ों ने छात्रा के दोस्त को पहले निशाने पर लिया उसकी पिटाई कर उसे भगा दिया और छात्रा को अपने साथ जंगल की तरफ ले जाने लगे।

बताया जा रहा है कि मनबढ़ों की हरकत भांप कर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया जबकि उसके अन्य साथी भाग निकले। पकड़े गए युवक ने अपने साथी का नाम भी बताया। पुलिस ने उसके साथी को भी हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। दोनों कुसम्ही कोठी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

11वीं में पढ़ने वाली है छात्रा

देवरिया के बैतालपुर की रहने वाली छात्रा 11वीं में पढ़ती है। वह अपने दोस्त के साथ घूमने आई थी। जंगल में एकांत जगह पर दोनों बात कर रहे थे कि इस तरह के जोड़ों को शिकार के रूप में तलाश करने वाले गिरोह की उन पर नजर पड़ी थी।

संस्था की संचालिका ले गई साथ

चौरीचौरा में बालिकाओं को कम्प्यूटर सिखने वालीं संस्था की संचालिका एक अन्य युवती के साथ शनिवार की देर शाम थाने पहुंची और छात्रा को अपने साथ लेकर चली गई। उसका कहना था कि रविवार को छात्रा थाने पर आएगी और तहरीर देगी। पूरे इलाके यह भी चर्चा है कि एक फार्म हाउस में छात्रा के साथ गलत हरकत किया गया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तरफ से अभी तहरीर ही नहीं मिली है, जिससे यह पता चले कि उसके साथ क्या घटना हुई है?

छात्रा ने गलत हरकत की जानकारी नहीं दी

इंस्पेक्टर खोराबार सुनील राय ने बताया कि छात्रा ने शनिवार को अपने साथ किसी तरह की गलत हरकत होने की जानकारी नहीं दी है। छात्रा को रविवार को थाने पर बुलाया गया था पर वह या उसके परिजन थाने पर नहीं आए। उनकी तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। हिरासत में मौजूद युवकों पर तहरीर के मुताबिक कार्रवाई होगी।

पहले भी जोड़ों को निशाना बनाता रहा है गिरोह

कुसम्ही जंगल और बुढ़िया माई मंदिर के इर्द-गिर्द पहले भी जोड़ों को जंगल में घूमने वाला गिरोह निशाना बनाता रहा है। युवकों को पकड़कर उनके साथ लूट-पाट और पिटाई करने का वीडियो भी वायरल हो चुका है। जंगल में घूमने वाला यह गिरोह जरूरत के हिसाब से पुलिसवाले भी बन जाते हैं। इनके निशाने पर वही युवती और युवक होते हैं जो अकेले दिख जाएं। यह जंगल में ले जाकर उनके साथ गलत हरकत भी करते हैं। इस तरह के गिरोह से बचने के लिए ही जंगल में पुलिस की व्यवस्था की गई है।

Comments

Popular posts from this blog

ब्रेकिंग गोरखपुर - नंदानगर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात बदमाशों ने दो लड़कों को मारी गोली हालात गम्भीर

पिपराईच - हाटा मार्ग पर बड़ा हादसा पिता - पुत्र गम्भीर रूप से घायल

यूपी: छात्रा की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम, जमकर की नारेबाजी