पाकिस्तान: खौफ के साए में हिंदू, मंदिर में तोड़फोड़ के बाद अब हिंदुओं के घरों पर हमला
हिंदू समुदाय (Hindu Community) के लोगों को घरों के भीतर रहने के लिए कहा गया है. मंदिर के बाद अब लोगों के घरों में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है.
घोटकी. पाकिस्तान (Pakistan) के सिंध प्रांत (Sindh Province) के घोटकी जिले में हिंदू खौफ के साए में जी रहे हैं. यहां रहने वाले हिंदुओं को दंगों और हमलों का डर सता रहा है. हिंदू समुदाय (Hindu Community) के लोगों को घरों के भीतर रहने के लिए कहा गया है. मंदिर के बाद अब लोगों के घरों में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है.
दरअसल, सिंध प्रांत में पुलिस ने सोमवार को 218 दंगाइयों के खिलाफ मंदिर सहित संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को लेकर तीन मामले दर्ज किए.
इससे पहले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के एक स्कूल प्राचार्य के खिलाफ ईश-निंदा के आरोप में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद ये दंगा भड़का.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घोटकी जिले में सिंध पब्लिक स्कूल के एक छात्र के पिता अब्दुल अजीज राजपूत ने प्राचार्य के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जिसमें दावा किया गया कि अध्यापक ने इस्लाम विरोधी टिप्पणी करके ईश-निंदा का अपराध किया है. इसके बाद रविवार को व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया.
यहां के हालात गंभीर बने हुए हैं. घोटकी की गलियों में मियां मिट्ठू को हमला कने वाली भीड़ की अगुआई करते हुए देखा गया है. मिया मिट्ठू का नाम सिंध प्रांत में अल्पसंख्यकों के जबरन धर्मान्तरण की घटनाओं में भी सामने आया था. यहां की पुलिस ने कुछ हमलावरों को गिरफ्तार भी किया है. लगभग 50 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है.
दंगे के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से प्राचार्य को गिरफ्तार करने की मांग की. प्राचार्य की पहचान नूतन मल के रूप में हुई है. डॉन समाचार पत्र ने सुक्कुर के अतिरिक्त महानिरीक्षक (AIG) जमील अहमद के हवाले से बताया कि घोटकी पुलिस ने दंगाइयों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए हैं, जिन्होंने ईश-निंदा की कथित घटना के बाद सड़कों पर प्रदर्शन किये. उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने हिंदू मंदिर (Hindu Temples) में भी तोड़फोड़ की.

Comments
Post a Comment