पत्नी व बेटी की हत्या करवाने वाला आइटीबीपी जवान भी गिरफ्तार



अवैध संबंधों के चलते मकान मालकिन से पत्नी और सात साल की बेटी की हत्या करवाने वाले आइटीबीपी के जवान देव आनंद राय को मोहकमपुरा थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

अमृतसर। अवैध संबंधों के चलते मकान मालकिन से पत्नी और सात साल की बेटी की हत्या करवाने वाले आइटीबीपी के जवान देव आनंद राय को मोहकमपुरा थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस ने घर की मालकिन कमलेश रानी और उसके पति राम तीर्थ को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दातर भी बरामद कर ली। पुलिस ने शवों को ठिकाने लगाने वाले रिक्शा को भी कब्जे में ले लिया है। मोहकमपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि रामतीर्थ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जबकि कमलेश रानी और मृतका के पति देव आनंद को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

आरोपित देव आनंद ने पुलिस हिरासत में स्वीकार किया है कि वह पिछले चार साल से न्यू अमृतसर के पास आइटीबीपी के दफ्तर में तैनात था। उस दौरान उसकी मुलाकात रामतीर्थ के साथ हुई थी। उसने किराये का घर लेने की बात कर रखी थी। रामतीर्थ ने साढ़े तीन साल पहले अकेले देव आनंद को घर का ऊपरी हिस्सा किराये पर दे दिया था। इस बीच उसके घर की मालकिन व रामतीर्थ की पत्नी कमलेश के नाजायज संबंध बन गए थे। छह महीने पहले उसकी पत्नी सुमन बीमार पड़ गई और वह गांव से उसका इलाज कराने के लिए न्यू प्रीत नगर इलाके में स्थित किराये के घर में ले आया। कुछ दिन पहले सुमन को पति और मकान मालकिन के अवैध संबंधों के बारे में भनक लग गई तो घर में इस बात को लेकर झगड़ा होने लगा। रोजाना होने वाले झगड़े से छुटकारा पाने के लिए देव आनंद ने कमलेश रानी को उसकी पत्नी सुमन को ठिकाने लगाने की बात कही। इसके लिए उसने बकायदा उसे दातर भी लाकर दी। पूछताछ में सामने आया कि देव आनंद ने बच्ची को छोड़ देने के लिए कहा था। लेकिन इश्क में अंधी हो चुकी कमलेश ने पहले सुमन के सिर पर दातर से कई वार कर हत्या कर दी और फिर रिया (7) के भी सिर पर दातर से कई वार किए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने अपने पति रामतीर्थ को सारी बात बताई। फिर उसने पति के साथ मिलकर दोनों शवों को रिक्शा पर रखकर घर से डेढ़ किलो मीटर दूर छप्पड़ में फेंक दिया। इसके बाद कमलेश यूपी भागने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई और पति व बच्चों को फोन कर रेलवे स्टेशन पर बुलाने लगी। पति ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी और पुलिस ने कुछ ही देर में महिला को गिरफ्तार कर शवों को बरामद कर लिया था।

Comments

Popular posts from this blog

पिपराईच - हाटा मार्ग पर बड़ा हादसा पिता - पुत्र गम्भीर रूप से घायल

ब्रेकिंग गोरखपुर - नंदानगर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात बदमाशों ने दो लड़कों को मारी गोली हालात गम्भीर

सीएम योगी ने गोरखपुरवासियो को दी कई सौगातें