पूर्व केंद्रीय मंत्री की संपत्ति को लेकर विवाद गरमाया
पूर्व केंद्रीय मंत्री की संपत्ति को लेकर विवाद गरमाया उनकी तीसरी पत्नी रमाराज पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर
कसया कोठी से सटा प्लाट बेचने पर उठाई आपत्ति
पूर्व सांसद गुड्डू पांडेय ने लगाए गए आरोपों को सिरे से किया खारिज
कसया(कुशीनगर)। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. राजमंगल पांडेय की संपत्ति को लेकर उनकी तीसरी पत्नी रमाराज पांडेय और पहली पत्नी मालती पांडेय के पुत्र पूर्व सांसद राजेश पांडेय के बीच चल रहा विवाद शनिवार को गरमा गया। कसया कोठी से सटा एक प्लाट बेचने के मामले में कोर्ट के आदेश के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए रमाराज पांडेय कसया थाने पहुंचीं और पूर्व सांसद समेत खरीदार और गवाहों के खिलाफ तहरीर दी।
रमाराज पांडेय ने तहरीर मैं कहा है कि पूर्व सांसद हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद संपत्ति को बेच रहे हैं। उन्होंने संपत्ति के क्रेता-विक्रेता व गवाहों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। दूसरी तरफ पूर्व सांसद राजेश उर्फ गुड्डू पांडेय ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि विक्रय की गई भूमि पर कहीं कोई विवाद नहीं चल रहा है। राजस्व अभिलेखों में जमीन मेरे नाम से दर्ज है। उसके विक्रय का मुझे कानूनी अधिकार है।
रमाराज पांडेय का कहना है कि वह पूर्व मंत्री की संपत्ति की वसीयत के जरिए विधिक उत्तराधिकारी हैं। गाजियाबाद जिला न्यायालय ने वसीयत के अनुपालन का आदेश दिया है। उसके विरुद्ध पूर्व सांसद ने हाईकोर्ट से स्थगन प्राप्त किया है। स्थगन आदेश के बावजूद पूर्व सांसद ने विवादित भूमि का कुछ अंश कंचन पत्नी अजय जायसवाल निवासी पडरौना को बेच दिया है। रमाराज पांडेय ने अपनी तहरीर में विक्रेता पूर्व सांसद, क्रेता कंचन, गवाह पूर्व चेयरमैन कृष्ण कुमार व ईश्वरचंद्र को आरोपी बनाया है।
कसया नगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में रमाराज पांडेय ने आरोपों को दोहराया और कहा कि उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की मांग की है। दूसरी तरफ पूर्व सांसद ने भी अपना पक्ष रखते हुए वसीयत को फर्जी बताया। कहा कि हाईकोर्ट में वसीयत को चुनौती दी गई थी। कोर्ट ने वसीयत पर स्थगन आदेश दिया है।
एसओ ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है, प्रथम दृष्टया यह राजस्व का मामला है। एसडीएम को अवगत करा दिया हूं। राजस्व अभिलेखों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जाएगी।

Comments
Post a Comment