जनता तक पहुंचाएं सुविधाएं, विकास में सब साथ दें: रविकिशन
सदर सांसद रविकिशन ने पार्षदों से जनसुविधाओं को जल्द से जल्द जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ जनता को भी साथ देना होगा। सब मिलकर प्रयास करेंगे तभी सही मायनों में शहर का विकास होगा।
मंगलवार को सिंघड़िया स्थित कार्यालय पर पार्षदों के साथ आयोजित परिचयात्मक बैठक में सांसद रविकिशन ने कहा कि प्रस्तावित सड़कों के निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए केंद्र और राज्य सरकार से बजट दिलाने का वह पूरा प्रयास करेंगे।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया है।
कई प्रमुख सड़कें टूट गई हैं। नगर निगम को इन समस्याओं का समाधान तत्काल करना चाहिए। उन्होंने गांधी जयंती पर भाजपा की ओर से आयोजित पदयात्रा को सफल बनाने की सबसे अपील की। बैठक की अध्यक्षता महापौर सीताराम जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मरम्मत और सफाई के कामों में अधिकारियों से तेजी लाने को कहा गया है।
बैठक का संचालन भाजपा पार्षद दल के उपनेता ऋषि मोहन वर्मा ने किया। उन्होंने सांसद को एक पत्रक देकर पार्षदों के भत्ते को बढ़ाकर कम से कम 15000 रुपए प्रतिमाह कराने की मांग रखी।
बैठक में मुख्य रूप से उपसभापति बृजेश सिंह छोटू, मंता लाल यादव, रमेश गुप्ता, मनु जायसवाल, चंद्रशेखर सिंह, राम नारायण और देवेन्द्र कुमार गौड़ ने सम्बोधित किया। पार्षदों ने एक स्वर से क्षेत्र के विकास और बजट की मांग की। बैठक में चंद्रप्रकाश सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, अनिल सिंह, संतराज शर्मा, राजेंद्र तिवारी, अभिषेक निषाद, मोहन सिंह, राज कुमार, जितेन्द्र सैनी, दीपक चौहान, राधेश्याम रावत, आलोक सिंह विशेन और बबलू प्रसाद सहित कई पार्षद मौजूद थे।
दुकानदारों को डस्टविन मुहैया कराए नगर निगम
सांसद रविकिशन ने सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ भी बैठक की। सर्किट हाउस में उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से शहर के दुकानदारों को डस्टविन मुहैया कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर आम जनता को सफाई के लिए जागरूक करना चाहिए।
सांसद ने जलभराव के मुद्दे पर नगर आयुक्त से चर्चा करते हुए कहा कि इस समस्या के जल्द से जल्द निदान की कोशिश की जानी चाहिए। आम जनता को परेशान है। अधिकारी उसे राहत दिलाने की कोशिश करें।

Comments
Post a Comment