भाभी और देवर की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी, परिजन बोले- बीमार थे
गोरखपुर के चौरीचौरा थाना इलाके में ग्राम गौनर के उसरहा के पासी टोला में देर रात पहले भाभी की संदिग्ध हालत में मौत हुई, फिर मंगलवार की सुबह देवर की रहस्यमय परिस्थिति में मौत होने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। मंगलवार की सुबह दोनों परिवार के लोगों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के हाथ भी कुछ नहीं लगा।
चौरीचौरा थाना क्षेत्र में ग्राम गौनर के असलहा पासी टोला निवासी मीना पासवान उम्र 35 वर्ष पत्नी अमरजीत की सोमवार की रात करीब नौ बजे संदिग्ध हालत में घर के अंदर मौत हो गई।
वहीं, महिला के रिश्ते में लगने वाले देवर संदीप (18) पुत्र मुनदरिका की मंगलवार सुबह रहस्यमय परिस्थिति में मौत हो गई। दोनों परिवार के लोगों ने बिना पुलिस को सूचना दिए आनन-फानन में शवों का गांव से कुछ दूर स्थित मंझना नाला के किनारे अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया जाता है मृतका मीना के तीन बच्चे हैं। पति बाहर मजदूरी करता है। जबकि मृतक संदीप बंसडीला इंटर कॉलेज का छात्र है। मृतक महिला की सास का कहना कि बहू की कई दिन से तबीयत खराब थी। जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी तरफ मृतक युवक के परिजनों का कहना कि उसकी झटके की बीमारी से मौत हो गई। इस संबंध में सीओ चौरीचौरा सुमित शुक्ला का कहना है कि मामले की सत्यता की जांच की जा रही है।

Comments
Post a Comment